कांकेर की युवती को झारखंड से कराया मुक्त, गढ़वा में 130 लोगों को बंधक बनाए जाने का आरोप

कांकेर के दुर्गूकोंदल की युवती विद्या भारती नरेटी ने झारखंड के गढ़वा में 30 लड़कियों और 100 लड़कों को बंधक बनाए जाने का वीडियो भेजा तो हड़कंप मच गया। …और पढ़ें

HighLights
- युवती ने वीडियो भेजकर दी थी बंधक बनाने की जानकारी
- नौकरी के नाम पर 10 हजार लिए, कांकेर एसपी ने कराया मुक्त
- संस्था बोली- प्रशिक्षण दे रहे, पुलिस ने तस्करी से किया इनकार
नईदुनिया न्यूज, कांकेर। कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल थाना क्षेत्र की युवती विद्या भारती नरेटी ने 30 लड़कियों और 100 लड़कों को झारखंड के गढ़वा में बंधक बनाए जाने का वीडियो स्वजन को भेजा। मामले की जानकारी लगते ही कांकेर एसपी निखिल कुमार राखेचा ने गढ़वा एसपी आशुतोष शेखर ने संपर्क किया। इसके बाद मौके पर पहुंची गढ़वा पुलिस ने दुर्गूकोंदल की युवती को मुक्त कराया।
गढ़वा से मिली जानकारी के अनुसार, गढ़वा डीएसपी नीरज कुमार ने जब पीड़िता से पूछताछ की तो उसने बताया कि दोस्त देव कुमारी ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा देकर गढ़वा बुलाया था। छह मई को अकेले बस से गढ़वा पहुंची। यहां उसे एक मकान में रखा गया, जहां पहले से कांकेर की 15-16 युवतियां मौजूद थीं।
युवती ने बताया कि संस्था के लोगों ने रात्रि में कंपनी के नियमानुसार मोबाइल फोन वर्जित होने के कारण मोबाइल फोन को रख लिया। वह डर गई। किसी तरह सुबह उसने अपने चाचा को मैसेज कर पूरी जानकारी दी। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 10 हजार रुपये भी लिए गए।
मानव तस्करी का कोई मामला नहीं, हर पहलू की कर रहे जांच
डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि 30 लड़कियां और 100 लड़के अलग-अलग मकान में रह रहे हैं। सभी बालिग हैं और नौकरी के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। संस्था अर्थ इंटरप्राइजेज के मालिक बलराम कुमार ने बताया कि उन्होंने साउथ दिल्ली की कंपनी आरएचआई नेचर वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड का फ्रेंचाइजी लिया है।
कंपनी का प्रोडक्ट बेचने के लिए लड़के-लड़कियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। डीएसपी ने मानव तस्करी के मामले से इनकार किया है।




